
पटना. नए साल पर पटना वासियों को एक नई सौगात मिलने जा रही है. शहर के आयुक्त भवन, विश्वरैया भवन, बापू टावर जैसे अन्य इमारतों की तरह अब शहर की शान बिस्कोमान भवन को भी रंग-बिरंगी रौशनी से सजाया जायेगा. रंग-बिरंगी से चमचमाती यह इमारत सभी को अपनी ओर आकर्षित करेगा. पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से बिस्कोमान भवन में फसाड लाइटिंग इंस्टॉल करने का काम शुरू हो गया है. उम्मीद लगाई जा रही है, दिसंबर तक यह काम पूरा कर लिया जायेगा और अगले साल लोगों को यह गिफ्ट में रूप में यह सौंपा जायेगा.
जानें फसाड लाइटि की खासियत
बिस्कोमान भवन की नई फसाड लाइट पूरी तरह प्रोग्रामेबल होगी. इसे एक मास्टर पैनल से नियंत्रित किया जाएगा. इस तकनीक की खासियत यह है कि विशेष अवसरों जैसे गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, और अन्य महत्त्वपूर्ण आयोजनों पर थीम के अनुसार इसकी रोशनी बदली जा सकेगी. यह परियोजना ना केवल भवन को एक अद्वितीय पहचान देगी, बल्कि पटना की खूबसूरती में भी इजाफा करेगी.
परियोजना की लागत और रख-रखाव
फसाड लाइटिंग परियोजना की कुल लागत 1.2 करोड़ रुपये है. इसके अलावा, फसाड लाइट लगाने वाली एजेंसी को अगले पांच वर्षों तक इसका रख-रखाव करने का भी जिम्मा दिया गया है. पटना शहर को सुंदर और आधुनिक बनाने के मकसद से पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत यह काम किया जा रहा है.
इन जगहों पर पहले से लगा है फसाड लाइट
अब तक पटना के आयुक्त कार्यालय, गांधी मैदान पुलिस स्टेशन, गांधी संग्रहालय, सुभाष पार्क, उद्योग भवन, गोलघर, गांधी मैदान में गांधी स्टेच्यू, ज्ञान भवन, बापू सभागार और श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र का सौंदर्यीकरण हो चुका है. इसमें फसाड लाइट को इंस्टॉल किया गया है. हर रंग अलग-अलग थीम को दर्शाता है. जैसे गुलाबी रंग महिला सशक्तिकरण, नीला रंग बिहार दिवस, नारंगी और पीला रंग राज्य की विरासत और संस्कृति, मल्टी कलर दिवाली और तिरंगे की रोशनी स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस को दर्शाता है. अब नए साल में पटना का बिस्कोमान भवन भी पटना के निवासियों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा.
Tags: Bihar News, Local18, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : December 5, 2024, 10:50 IST





